पाकिस्तान के सिख श्रद्धालु दरबार साहिब में हुए नतमस्तक, 'सिरोपा' भेंटकर सम्मानित किया गया
चंडीगढ़, 27 अक्टूबर (हि.स.)। श्री गुरु रामदास जी का प्रकाश पर्व मनाने भारत आए पाकिस्तान के सिख श्रद्धालुओं ने मंगलवार को सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) पहुंचकर श्रद्धा और उत्साह के साथ मत्था टेका। इस दौरान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें गुरुघर की बख्शिश 'सिरोपा' भेंटकर सम्मानित किया गया।
जत्थे के नेता भूपिंदर सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अमृतसर में श्री गुरु रामदास जी का प्रकाश पर्व मनाना उनके लिए बेहद सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन करने के अलावा जत्थे ने दिल्ली स्थित गुरुद्वारा सीस गंज साहिब और श्री आनंदपुर साहिब समेत अन्य पवित्र गुरुद्वारों के भी दर्शन किए हैं।
धार्मिक यात्रा के दौरान पाकिस्तान से आई संगत ने भारत और पाकिस्तान की सरकारों से धार्मिक यात्राओं के नियमों को आसान बनाने की पुरजोर मांग की। श्रद्धालुओं ने कहा कि दोनों देशों की संगत अपने ऐतिहासिक गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार करना चाहती है। जत्थे के प्रतिनिधियों ने वीजा प्रक्रिया को सरल बनाने और श्रद्धालुओं का कोटा बढ़ाने की मांग की।
इस मौके पर एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी, हरिमंदिर साहिब के मैनेजर सतनाम सिंह मंगिया, धर्म प्रचार कमेटी के सचिव भगवंत सिंह धंगेरा और मैनेजर रजिंदर सिंह रूबी समेत कई प्रमुख पदाधिकारियों ने पाकिस्तानी श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

