home page

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में लाखों श्रद्धालुओं ने टेका माथा

 | 
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में लाखों श्रद्धालुओं ने टेका माथा


- सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय साहिब सजाए गए

अमृतसर, 24 नवंबर (हि.स.)। प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में लाखों श्रद्धालुओं ने माथा टेककर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय साहिब जी में अलौकिक जलौ सजाए गए, जिनके श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब सहित अन्य गुरुद्वारा साहिबान में दीपमाला भी की गई।

इसी दौरान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हाल में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। इस अवसर पर सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब के हजूरी रागी जत्थे ने पवित्र गुरबाणी का कीर्तन किया। भाई प्रेम सिंह ने अरदास की, जबकि कथावाचक भाई विशाल सिंह ने पावन हुकमनामा श्रवण करवाया।

भाई विशाल सिंह ने श्री गुरु नानक देव जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु साहिब के उपदेश समस्त मानवता के जीवन को प्रकाशित करने वाले हैं। गुरु साहिब ने ऊंच-नीच, जात-पात और वर्ण विभाजन की दीवारों को तोड़कर मानवता को एक अकाल पुरख से जोड़ा। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए गुरु साहिब के उपदेशों पर चलने की प्रेरणा भी दी।

गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हाल में आयोजित गुरमत समागम के दौरान प्रचारकों, ढाडी और कवीशरी जत्थों ने श्रद्धालुओं को गुरु इतिहास से अवगत करवाया। कवि दरबार में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से गुरु साहिब की महिमा का गुणगान किया।

---------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH