कपूरथला में कपड़ा व्यापारी की दुकान और घर पर फायरिंग
- बाइक सवार दो युवकों को खोजने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कपूरथला, 09 अगस्त (हि.स.)। कपूरथला के काला संघियां के मुख्य बाजार में शनिवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब दो अज्ञात युवकों ने कपड़ा व्यापारी कुलदीप कुमार लूंबा की दुकान और उसके ऊपर बने आवास की ओर कथित तौर पर फायरिंग कर दी। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुकान के बाहर पहुंचे और दुकान तथा आवासीय हिस्से की ओर कई गोलियां चलाईं। सीसीटीवी फुटेज में चार राउंड फायर किए जाने की बात सामने आई है। गोली चलने की आवाज सुनकर मुख्य बाजार में तैनात रात्रि सुरक्षा कर्मियों ने लूंबा परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद काला संघियां पुलिस चौकी और सदर थाने की टीम मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी मेजर सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद किए है। बताया जा रहा है कि एक गोली दुकान के शटर को चीरते हुए सामने लगे मजबूत शीशे से जा टकराई, जिससे शीशा टूट गया।
डीएसपी शीतल सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। काला संघियां पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई अमरजीत सिंह के अनुसार पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए अन्य सुराग भी जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के मकसद का पता लगाने में जुटी है।
-------------------------------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

