home page

पंजाब में रिश्वत लेते महिला थाना प्रभारी व गनमैन पकड़े

 | 
पंजाब में रिश्वत लेते महिला थाना प्रभारी व गनमैन पकड़े


चंडीगढ़, 27 सितंबर (हि.स.)। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने मोगा के कोट ईस्से खां थाने में रिश्वतखोरी के मामले में विजिलेंस ने इंस्पेक्टर सुनीता रानी और उनके गनमैन पंजाब होमगार्ड के जवान गुरअवतार सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक व्यक्ति को केस में नामजद करने का डर दिखाकर पहले एक लाख रुपए रिश्वत मांगी गई।

बाद में 70 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसमें से 20 हजार रुपए गनमैन पहले ले चुका था और बाकी 50 हजार रुपये लेते हुए विजिलेंस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि ये 50 हजार रुपये थाना प्रभारी को देने थे। इसके बाद विजिलेंस टीम ने थाना प्रभारी को भी पैसे लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। रविवार को दोनों का फिरोजपुर सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया गया। विजिलेंस अधिकारी जगगन दीप ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे एक्शन लिया जाएगा।

यह पूरी कार्रवाई राजविंदर सिंह निवासी गांव नूरपुरा हकीमां की शिकायत पर की गई। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि थाना कोट ईसे खां में दर्ज एक मामले में उसे नामजद करने का डर दिखाकर पीएचजी गुरअवतार सिंह ने 1 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी।

इसके बाद में वह 70 हजार रुपए लेने के लिए राजी हो गया था। आरोपी गुरअवतार सिंह अलग-अलग तारीखों पर उससे पहले ही 20 हजार रुपए ले चुका था। इसके बाद उसने बकाया 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। इस संबंध में बातचीत की शिकायतकर्ता ने अपने मोबाइल में रिकॉर्डिंग कर ली और इसे विजिलेंस ब्यूरो की इंस्पेक्टर जगनदीप कौर के समक्ष पेश किया। विजिलेंस ने सरकारी गवाहों की मौजूदगी में पीएचजी गुरअवतार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा