home page

पंजाब के मुख्यमंत्री की विवादित वीडियो पर एसजीपीसी ने बुलाया पंथक सम्मेलन

 | 

चंडीगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की कथित विवादित वीडियो को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने 05 जुलाई को दरबार साहिब परिसर स्थित मंजी साहिब में पंथक एकत्र आयोजित करने का ऐलान किया है।

एसजीपीसी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मनन ने शनिवार को बताया कि यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। एसजीपीसी के अनुसार, इस पंथक एकत्र में विभिन्न धार्मिक और पंथक संगठनों की भागीदारी रहेगी। इनमें टकसालें, निहंग सिंह जत्थेबंदियां, कार सेवा संस्थाएं, निर्मला संप्रदाय, सिंह सभाएं और अन्य सिख संगठन शामिल होंगे।

कुलवंत सिंह मनन ने कहा कि हाल ही में सामने आई मुख्यमंत्री भगवंत मान की विवादित वीडियो को लेकर सिख समाज में गहरा रोष है। इसी विषय पर विचार-विमर्श करने और आगे की रणनीति तय करने के उद्देश्य से यह पंथक एकत्र बुलाया गया है।

एसजीपीसी ने यह भी जानकारी दी कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संगत की सुविधा के लिए जगह-जगह छबीलों की व्यवस्था, तीन मंचों का निर्माण और वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। एसजीपीसी ने सभी गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों, धार्मिक संस्थाओं, सिंह सभाओं और सिख संगत से बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। संस्था का कहना है कि यह केवल किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि धर्म और पंथ से जुड़ा विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा