भगवंत मान संबंधी आदेश वाले फ्लेक्स बोर्ड फाड़े जाने पर एसजीपीसी नाराज
अमृतसर, 25 जून (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जारी निर्देशों को सार्वजनिक करने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा लगाए गए फ्लेक्स बोर्ड कई स्थानों पर कथित तौर पर फाड़ दिए गए हैं। इस मामले को लेकर एसजीपीसी ने सख्त ऐतराज जताया है और संबंधित पुलिस थानों में शिकायत दर्ज करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसजीपीसी सदस्य एडवोकेट भगवंत सिंह सियालका ने आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने रात के समय श्री अकाल तख्त साहिब के संदेश वाले कई फ्लेक्स बोर्डों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि मजीठा और फतेहगढ़ साहिब से बोर्ड फाड़े जाने की सूचनाएं मिली हैं।
सियालका के अनुसार, एसजीपीसी की ओर से संबंधित पुलिस थानों में शिकायतें देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिन गुरुद्वारों के अधीन ये बोर्ड लगाए गए थे, वहां के मैनेजर भी औपचारिक शिकायतें दर्ज करवाएंगे, ताकि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।
घटना की निंदा करते हुए सियालका ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के संदेश वाले बोर्डों को हटाना या नुकसान पहुंचाना एक गैर-जिम्मेदाराना और आपत्तिजनक हरकत है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
इससे पहले 23 जून को एसजीपीसी ने ऐतिहासिक गुरुद्वारों के मैनेजरों और इंचार्जों को निर्देश दिए थे कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जारी आदेशों को प्रमुख स्थानों पर फ्लेक्स बोर्डों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए। इसके बाद अमृतसर सहित कई अन्य हलकों में एसजीपीसी सदस्यों और स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधकों की निगरानी में ये बोर्ड लगाए गए थे।
एसजीपीसी की इस मुहिम के अलावा शिरोमणि अकाली दल की ओर से भी अलग-अलग शहरों में इसी तरह के पोस्टर लगाए गए थे, जिनके जरिए श्री अकाल तख्त साहिब के निर्देशों को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की गई थी। अब बोर्डों को नुकसान पहुंचाए जाने की घटनाओं के बाद मामला और गरमा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

