एसजीपीसी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान हाई कमीशन से मिला, अधिक से अधिक सिख श्रद्धालुओं को वीजा देने की मांग
- ननकाना साहिब जाने के लिए 7,500 से अधिक श्रद्धालुओं ने जमा करवाए पासपोर्ट
अमृतसर, 18 अगस्त (हि.स.)। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के वरिष्ठ अधिकारी सैयद अहमद वड़ैच से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नवंबर में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पाकिस्तान जाने वाले अधिक से अधिक सिख श्रद्धालुओं को वीजा जारी करने की मांग की।
एडवोकेट धामी ने इस संबंध में पाकिस्तान हाई कमीशन को एक लिखित पत्र भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में एसजीपीसी सदस्य भाई राजिंदर सिंह मेहता, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना, मनजीत सिंह जीके, एसजीपीसी सचिव बलविंदर सिंह काहलवां और मैनेजर राजिंदर सिंह रूबी शामिल थे। एडवोकेट धामी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने की इच्छा बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालुओं की रहती है। ऐसे में पाकिस्तान हाई कमीशन को उदारता दिखाते हुए अधिक से अधिक वीजा जारी करने चाहिए।
उन्होंने बताया कि भारत और पाकिस्तान सरकारों के बीच हुए समझौतों के तहत एसजीपीसी हर वर्ष सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान भेजती है। आमतौर पर पाकिस्तान हाई कमीशन की ओर से एसजीपीसी द्वारा भेजे गए करीब 1,800 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किए जाते हैं। धामी ने कहा कि पिछले कुछ समय से निजी तौर पर संगठित सिख जत्थों को वीजा नहीं मिलने और श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर बंद होने के कारण पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने की इच्छा और बढ़ी है। इसी के चलते नवंबर, 2026 में प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान जाने के लिए 7,500 से अधिक श्रद्धालु अपने पासपोर्ट एसजीपीसी कार्यालय में जमा करवा चुके हैं।
उन्होंने पाकिस्तान हाई कमीशन से निर्धारित कोटे से आगे बढ़कर इन श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही भारत सरकार से भी इस मुद्दे को पाकिस्तान के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाने और श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को जल्द दोबारा खोलने की अपील की।एडवोकेट धामी ने पाकिस्तान हाई कमीशन के अधिकारियों को स्मृति चिह्न के रूप में सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब का स्वर्णिम मॉडल और शॉल देकर सम्मानित भी किया।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

