संगरूर में पंजाब के वित्त मंत्री से नशे के मुद्दे पर सवाल पूछने वाले युवक की मौत
चंडीगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। संगरूर जिले में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान पंजाब के वित्त मंत्री से नशे के मुद्दे पर सवाल पूछने वाले युवक की बीती रात लुधियाना में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मौत के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। नशे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री को काली झंडी दिखाने वाला एक युवक पहले से ही उपचाराधीन है।
संगरूर जिला निवासी गुलजार सिंह का मौत से पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी मौत के लिए मंत्री और सरपंच को जिम्मेदार ठहरा रहा है। इस वीडियो की तकनीकी पुष्टि नहीं की जा सकती है। सोमवार रात करीब 11 बजे गुलजार सिंह की मौत के बाद पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने सोशल मीडिया पर लाइव हुए और उन्होंने सरकार व पुलिस पर कड़े सवाल किए। उन्होंने कहा कि मरने वाले ने आखिर में मंत्री और गांव के सरपंच का नाम लिया है।
चन्नी ने बताया कि कल संगरूर के दिड़बा हलके के तूर बंजारा गांव में वित्त मंत्री आए थे। गांव के गुलजार सिंह ने उनसे पूछा था कि मेरा बेटा नशा करता है। उसने घर का सारा सामान बेच दिया है। नशा आखिर कहां से मिल रहा है? इस सवाल पर मंत्री भडक़ गए और शाम को ही पुलिस पीडि़त के घर पहुंच गई। सोमवार को पंचायत में पुलिस आकर बैठ गई। सरपंच ने गुलजार को पंचायत में बुलाया। वह इतना डर गया कि उसने पुलिस और मंत्री के खौफ से सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली।
चन्नी ने आरोप लगाया कि जहर खाने के बाद जब उसे संगरूर अस्पताल ले जाया गया तो पुलिस ने पीछा किया और इलाज नहीं होने दिया। इसके बाद उसे राजिंदरा अस्पताल पटियाला ले जाया गया, जहां वह 2 घंटे तक तड़पता रहा। आखिर में उसे लुधियाना के डीएमसी लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मौत से पहले गुलजार ने खुद एक वीडियो बनाकर मंत्री और सरपंच को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। चन्नी ने कहा कि अब पुलिस परिवार पर दबाव बना रही है, ताकि कोई एफआईआर दर्ज न हो और पोस्टमार्टम न होने पाए।
----------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

