home page

संगरूर में जगतार सिंह की मौत के मामले में नया मोड़, पत्नी और प्रेमी पर हत्या की साजिश रचने के आरोप

 | 

संगरूर, 05 जून (हि.स.)। संगरूर जिले के मीमसा गांव में 38 वर्षीय जगतार सिंह की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने इसे सामान्य मौत मानते हुए कार्रवाई की थी, लेकिन मृतक की मां के बयानों के बाद यह मामला हत्या के केस में तब्दील हो गया है।

थाना सदर धूरी के अंतर्गत आने वाले मीमसा गांव निवासी जगतार सिंह की मौत के बाद पुलिस ने पहले उसकी पत्नी मनप्रीत कौर के बयानों के आधार पर धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की थी। अब मृतक की बुजुर्ग मां सुरजीत कौर के बयानों ने पूरे मामले की दिशा बदल दी। जांच में सामने आया कि जगतार सिंह की पत्नी मनप्रीत कौर के मलेरकोटला के भोगीवाल गांव निवासी सुखवीर सिंह के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध थे।

पुलिस के अनुसार आरोप है कि मनप्रीत कौर ने अपने प्रेमी सुखवीर सिंह और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर जगतार सिंह की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर करणवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि जगतार सिंह की हत्या किस तरीके से की गई और इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही कई अहम खुलासे होने की संभावना है। इस मामले में नामजद और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH