संगरूर भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने वाले दो युवक 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
- महज 2,200 रुपये की अग्रिम राशि लेकर दिया था वारदात को अंजाम
संगरूर, 28 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना के 24 घंटों के भीतर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इन्हें बड़ी रकम देने का लालच दिया गया था, लेकिन एडवांस में केवल 2,200 रुपये दिए गए थे। सोमवार तड़के करीब 2.45 बजे किये गए हमले का इन युवकों ने वीडियो भी बनाया था।
एसएसपी संगरूर रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि थाना लोंगोवाल के अंतर्गत गांव भम्माबद्दी निवासी हैप्पी सिंह उर्फ हैप्पी और थाना लहरा के शहीद ऊधम सिंह बस्ती के वार्ड नंबर-12 निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी को पकड़ा गया है। पुलिस अधीक्षक जांच देविंदर अत्री की निगरानी में तीन विशेष दल गठित किए गए थे। मानवीय और तकनीकी सूचनाओं की सहायता से 24 घंटे के भीतर दोनों युवकों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। एआईजी (काउंटर इंटेलिजेंस) डॉ. सिमरत कौर के नेतृत्व वाली टीम ने भी संगरूर पुलिस के साथ मिलकर जांच में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से ‘राणा भाई’ नाम के व्यक्ति के संपर्क में थे। उसने भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने और घटना का वीडियो भेजने के बदले आरोपितों को बड़ी रकम देने का वादा किया था। वारदात से पहले आरोपितों को दो अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से कुल 2,200 रुपये भेजे गए थे। इनमें पहली बार 1,200 रुपये और दूसरी बार 1,000 रुपये का भुगतान किया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने वारदात का वीडियो इसलिए बनाया था, ताकि उसे राणा भाई को भेजकर वादा की गई बाकी रकम प्राप्त की जा सके। पुलिस अब राणा भाई के सोशल मीडिया खातों और आरोपितों को पैसे भेजने के लिए इस्तेमाल की गई यूपीआई पहचान की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत हासिल की जाएगी। पूछताछ के दौरान इस हमले के पीछे शामिल अन्य लोगों और पूरी साजिश के संबंध में और खुलासे होने की संभावना है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

