home page

वाराणसी में 3 दिसंबर को संपन्न होगी ‘समरसता संकल्प यात्रा’: लाल सिंह आर्य

 | 

पंजाब के 17 जिलों से होकर गुजरेगी यात्रा, पांच दिनों में तय करेगी करीब 700 किलोमीटर का सफर

जालंधर, 18 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि जालंधर से शुरू हुई ‘समरसता संकल्प यात्रा’ कुल 2,558 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद 3 दिसंबर को संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली वाराणसी पहुंचकर संपन्न होगी। पंजाब में यह यात्रा पांच दिनों के दौरान 17 जिलों से होकर गुजरेगी और इस दौरान करीब 700 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर संबोधित करते हुए लाल सिंह आर्य ने कहा कि देश को आजाद हुए 78 वर्ष हो चुके हैं। इस दौरान श्री गुरु रविदास जी महाराज की 600वीं और 625वीं जयंती भी आई, लेकिन मानव कल्याण, सद्भावना और सामाजिक समानता का संदेश देने वाले गुरु साहिब की स्मृति में इस तरह का व्यापक आयोजन करने की पहल पहले किसी सरकार ने नहीं की।

उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा यानी 29 जुलाई 2026 से शुरू हुआ यह कार्यक्रम 20 फरवरी 2027 तक पूरे वर्ष जारी रहेगा। इसे पांच चरणों में आयोजित किया जा रहा है। ‘समरसता संकल्प यात्रा’ इसी आयोजन का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश को देशभर में पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH