पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को जान से मारने की धमकी
चंडीगढ़, 27 सितंबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू को जान से मारने की धमकी मिली है। पाकिस्तान के नंबर से उनके वॉट्सएप पर रविवार सुबह वॉयस मैसेज भेजकर धमकी दी गई। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम मलिक एलेक्स बताया है। वॉयस मैसेज में कहा गया कि कान खोलकर सुन ले। तुम आजकल बहुत बकवास कर रहे हो। औकात से बाहर जा रहे हो। अपनी औकात में रहो, अपनी औकात नहीं भूला करते।
इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि उनके लिए ‘किलो का डिब्बा’ तैयार है। मैसेज में यह भी कहा गया कि हमला करने के लिए वे 5, 10 या 15 दिन में आ सकते हैं। साथ रहने वाले लोगों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है। मामले में बिट्टू की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां नंबर व वॉयस मैसेज की जांच कर रही हैं। बिट्टू को जिस नंबर से वॉयस मैसेज भेजा गया, वह पाकिस्तान का है। मैसेज भेजने वाले ने शुरुआत में सलाम और सत श्री अकाल कहा।
इसके बाद कहा कि बिट्टू ज्यादा बयानबाजी कर रहे हो। औकात में रहो। आगे कहा कि मैं पाकिस्तान जिंदाबाद और खालिस्तान जिंदाबाद कहने वाला मलिक एलेक्स हूं। धमकी मिलने के बाद बिट्टू की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां वॉट्सएप नंबर, वॉयस मैसेज और उससे जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही हैं। जांच में यह भी देखा जाएगा कि मैसेज भेजने वाला वास्तव में कहां से इसे ऑपरेट कर रहा था और धमकी के पीछे उसका मकसद क्या था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

