home page

रक्षाबंधन पर घर लौट रहे 3 बहनों के इकलौते भाई की सड़क हादसे में मौत

 | 
रक्षाबंधन पर घर लौट रहे 3 बहनों के इकलौते भाई की सड़क हादसे में मौत


मोहाली, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के दिन अपनी तीन बहनों से राखी बंधवाकर घर लौट रहे 23 वर्षीय युवक परमप्रीत की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा एयरपोर्ट चौक के पास भारतमाला रोड पर हुआ। परमप्रीत गांव मच्छलीकलां का रहने वाला था और परिवार का इकलौता बेटा था। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है।

परमप्रीत पेशे से इलेक्ट्रिशियन था और पिछले करीब छह महीने से जीरकपुर के एक होटल में काम कर रहा था। वह वहीं रिश्तेदारी में रह रहा था। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे छुट्टी के बाद वह बाइक से अपने घर के लिए निकला था। भारतमाला परियोजना के पास एयरपोर्ट रोड पर पहुंचने के दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क किनारे जा गिरा।

परमप्रीत के दोस्त गुरजीत सिंह के अनुसार हादसे के बाद सड़क के डिवाइडर का एंगल उसके सिर में जा लगा, जिससे गंभीर चोट आई और काफी खून बह गया। सुबह के समय सड़क पर ट्रैफिक कम होने के कारण काफी देर तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। बाद में वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने तक परमप्रीत की मौत हो चुकी थी। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को मॉर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के अनुसार, पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव उन्हें सौंपा जाएगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH