home page

राजा वड़िंग ने सोशल मीडिया बायो में लिखा ‘पूर्व पीपीसीसी अध्यक्ष’

 | 
राजा वड़िंग ने सोशल मीडिया बायो में लिखा ‘पूर्व पीपीसीसी अध्यक्ष’


- नए प्रदेश अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा का इंतजार

चंडीगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच लुधियाना सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर बड़ा बदलाव करते हुए खुद को 'पूर्व पीपीसीसी अध्यक्ष' यानी पूर्व पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लिख दिया। यह बदलाव उनके विभिन्न सोशल मीडिया खातों पर दिखाई दिया। हालांकि, कांग्रेस की ओर से नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।

रिपोर्टों के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व ने वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बदलाव के फैसले की जानकारी दे दी है। इसके बाद उनके समर्थकों और पंजाब कांग्रेस के विभिन्न खेमों में नए अध्यक्ष के नाम को लेकर हलचल तेज हो गई है।

पार्टी सूत्रों के हवाले से सामने आ रही खबरों में पूर्व सांसद और कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष विजय इंदर सिंगला का नाम प्रमुख दावेदारों में बताया जा रहा है। इसके अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा, गुरजीत सिंह औजला, परगट सिंह और सुखबिंदर सिंह सरकारिया समेत अन्य नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं। फिलहाल इनमें से किसी नाम पर कांग्रेस ने सार्वजनिक मुहर नहीं लगाई है।

पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ महीनों से प्रदेश नेतृत्व को लेकर अलग-अलग राय सामने आती रही है। जुलाई में हुए संगठनात्मक फेरबदल के दौरान वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया था, जबकि चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद सितंबर में सचिन पायलट को पंजाब मामलों का नया प्रभारी बनाया गया।

अब नजर कांग्रेस हाईकमान की औपचारिक घोषणा पर है, जिसके बाद ही साफ होगा कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश संगठन की कमान किस नेता को सौंपी जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH