home page

राहुल ने पंजाब में कांग्रेस को दिया एकजुटता का संदेश

 | 
राहुल ने पंजाब में कांग्रेस को दिया एकजुटता का संदेश


- 14 मार्च को मोगा में अमित शाह की रैली का आयाेजन

चंडीगढ़, 28 फ़रवरी (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पंजाब में कांग्रेस नेताओं को एकजुट होकर काम करने के निर्देश देते हुए अनुशासनहीनता पर कठोर कार्रवाई के संकेत दिए हैं। कांग्रेस ने शनिवार को बरनाला में मजदूर महारैली आयोजित कर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। राहुल गांधी की रैली के बाद अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 14 मार्च को मोगा में रैली करेंगे।शनिवार को बरनाला में राहुल गांधी ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी को संदेश देना चाहते हैं कि काम टीम वर्क से होता है। एक खिलाड़ी गेम नहीं जीत सकता है। हमारे पास पूरी टीम बैठी है। टीम प्लेयर बनो। वरना रिजर्व में बैठा दिया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि नेता बड़ा नहीं होता बल्कि पार्टी व संगठन बड़ा होता है।

उन्होंने कहा कि 4 महीने से अमेरिका-भारत डील रुकी थी। संसद में उन्हें बोलने नहीं दिया गया। पीएम ने ट्रंप को फोन किया। लेकिन किसी मंत्री को नहीं पूछा और कह दिया कि मैं डील के लिए तैयार हूं।

उन्होंने कहा कि डील में सोयाबीन दाल, अखरोट, बादाम यह सारा अमेरिका को दे दिया है। हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उड़ीसा के किसान बर्बाद होने जा रहे हैं। मोदी ने दरवाजा खोल दिया है। अमेरिका का सामान आ रहा है। सवाल उठता है कि जो काम चार महीने में नहीं किया वह मोदी ने 15 मिनट में कैसे कर दिया।

इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि मुझे खुशी हो रही है कि पंजाब की धरती पर किसान और मजदूरों की महारैली हो रही है। यहां बातें किसानों के पक्ष में होंगी। जैसे आप तीन कृषि कानूनों के खिलाफ लड़े थे। वैसे ही आप केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि आप को 2 मोर्चों पर बड़ी लड़ाई लडऩी है। एक तरफ मोदी सरकार तो दूसरी तरफ पंजाब सरकार से लडऩा है। कांग्रेस सरकार ने जल, जंगल, जमीन बचाने के लिए कई कानून लाई, लेकिन आज मोदी सरकार एक-एक करके सबकुछ बेच रही है। नरेंद्र मोदी तो सरेंडर मोदी हैं।

जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा केजरीवाल जैसे काले अंग्रेज पंजाब को लूटने आए थे, आज वह लूटकर जा रहे हैं। आज पंजाब के लोग आपकी तरफ देख रहे हैं। आपने एमएसपी की लीगल गारंटी, मनरेगा की बात कही है।

नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि पंजाब 2027 का फतवा कांग्रेस के हाथ में देने जा रहा है। आप महीने में एक बार पंजाब आओ। पंजाब के लोग चाहते हैं। जब अपनी सरकार आए तो जो हमारी पहचान (पंजाब) जय जवान जय किसान वाली थी, मोदी ने जो धोखा किया, अग्नीवीर भर्ती शुरू कर दी, जब सरकार बने तो सेना की रैगुलर भर्ती शुरू हो। अग्नीवीर की भर्ती बंद हो। इंडो अमेरिकन एग्रीमेंट किया गया। उससे किसानों को नुकसान होगा। 1947 से लेकर जब तक मनमोहन सिंह की सरकार रही है, हमने डब्ल्यूडीयू को नहीं माना। इस डील को कैंसिल किया जाए।

पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह वडि़ंग ने कहा कि किसानों और मजूदरों की लड़ाई देश में केवल राहुल गांधी लड़ रहे हैं। यह आम आदमी पार्टी की राजधानी है। जिसने 92 सीटें 2022 में जीती थी। लेकिन जिस तरह आज कानून व्यवस्था का हाल है, नशों का हाल है, ऐसे में अब जरूरत है कि राज्य में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा