जीरकपुर में दंपती ने दी जान, विदेश भेजने के नाम पर 36 लाख की ठगी का आरोप
मोहाली, 22 अगस्त (हि.स.)। विदेश जाने का सपना देख रहे एक दंपती ने कथित ठगी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर जीरकपुर स्थित पीजी में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान बरनाला के सेखां निवासी गगनदीप कौर और उसके पति हाकम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से सात पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें विदेश भेजने के नाम पर करीब 36 लाख रुपये की ठगी किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को दोनों ने कथित तौर पर सल्फास निगल लिया। गगनदीप कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हाकम सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
सुसाइड नोट में हाकम सिंह ने आरोप लगाया कि विदेश भेजने वाला एजेंट उसका स्कूल का पुराना सहपाठी था। पुरानी पहचान होने के कारण उसने उस पर भरोसा किया। आरोप है कि एजेंट ने पहले कनाडा, फिर जॉर्जिया और बाद में इटली भेजने का भरोसा दिया और अलग-अलग समय पर दंपती से कुल 36 लाख रुपये ले लिए।
नोट के मुताबिक, दंपती ने विदेश जाने के लिए शादी की थी। हाकम सिंह ने आरोप लगाया कि एजेंट ने 18-18 लाख रुपये की मांग की, जिसके लिए उसने अपनी जमीन तक बेच दी। बाद में दोनों को कथित तौर पर इटली के वर्क वीजा दिए गए, जो बाद में जाली होने की आशंका सामने आई।
हाकम सिंह ने सुसाइड नोट में यह भी आरोप लगाया कि पैसे वापस मांगने पर एजेंट उन्हें ब्लैकमेल करने लगा और उनकी शादी की जानकारी परिवार तथा गांव में बताने की धमकी देता था। उसने दावा किया कि उनके पासपोर्ट भी एजेंट के पास थे और रकम लौटाने के बजाय वह लगातार टालमटोल करता रहा।
सुसाइड नोट में एजेंट और उसके साथियों पर हाकम सिंह से मारपीट करने तथा उसका मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप लगाया गया है। हाकम सिंह ने लिखा कि उसके पास व्हाट्सप्प चैट, कॉल रिकॉर्डिंग, स्क्रीन रिकॉर्डिंग और वीजा से जुड़े दस्तावेजों के रूप में सबूत मौजूद हैं।
जीरकपुर थाना प्रभारी जसवीर सिंह तूर ने बताया कि सात पेज के सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर उसकी लिखावट और फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस कथित 36 लाख रुपये के लेन-देन, वीजा दस्तावेजों और एजेंट की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

