कपूरथला में महिला ने तीन बच्चों संग जहर निगला, एक लड़की की मौत
चंडीगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। पंजाब के कपूरथला में एक महिला ने घरेलू कलह के बाद अपने तीन बच्चों के साथ जहरीली दवा निगल ली। इस घटना में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि महिला और दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
कपूरथला के गांव मल्लु कादराबाद निवासी लवकुश कुमार ने बताया कि रात करीब 11 बजे जब वह खेतों से काम कर घर लौटे, तो उनकी पत्नी संतोष देवी को उल्टियां हो रही थी। उनके पास कीटनाशक की एक बोतल पड़ी थी और बच्चे अर्द्ध-बेहोशी की हालत में थे। लवकुश ने तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया। संतोष देवी और उनके आठ वर्षीय बच्चे अमृता, छह साल की खुशी और दो साल के बेटे को कपूरथला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ड्यूटी पर तैनात डॉ. करणप्रीत सिंह ने सभी का इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान एक बच्ची की मौत हो गई। मां व दो बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रेफर किए गए तीनों मरीजों की हालत नाजुक बताई जा रही है। थाना सदर प्रभारी रणजीत सिंह ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। महिला के बयान दर्ज करने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

