पंजाब शहरी निकाय चुनावों में 79 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, कुल 7,623 उम्मीदवार मैदान में
- पंजाब में नगर निकाय चुनावों का रण तेज, 26 मई को मतदान, 29 मई को आएंगे नतीजे
चंडीगढ़, 20 मई (हि.स.)।
पंजाब में नगर निकाय चुनावों का रण तेज हो गया है। नगर निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। राज्य में 26 मई को होने वाले 8 नगर निगम, 75 नगर काउंसिल और 21 नगर परिषद चुनावों के लिए कुल 7,623 उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं। इन सभी प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 26 मई को मतदाता करेंगे, जबकि चुनाव परिणाम 29 मई को घोषित किए जाएंगे।
पंजाब राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, 8 नगर निगम चुनावों के लिए 1,613 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। नामांकन वापसी के दौरान 386 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे वापस ले लिए थे। नगर निगम चुनावों में अब तक 4 उम्मीदवार निर्विरोध विजेता घोषित किए जा चुके हैं।
इसी तरह 75 नगर काउंसिल चुनावों में कुल 5,144 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां 1,695 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया, जबकि 47 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। 21 नगर परिषद चुनावों में 866 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इस श्रेणी में 312 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया और 28 प्रत्याशी निर्विरोध विजेता बने।
चुनाव आयोग के मुताबिक शुरुआत में करीब 10,800 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। जांच प्रक्रिया के बाद 10,096 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए थे, लेकिन बाद में 2,393 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद अब कुल 7,623 उम्मीदवार चुनावी मैदान में बचे हैं।
राज्यभर में कुल 79 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें बड़ी संख्या सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी से जुड़े उम्मीदवारों की बताई जा रही है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा निर्विरोध उम्मीदवार नगर काउंसिलों से सामने आए हैं, जहां 47 उम्मीदवार बिना मुकाबले जीत गए। नगर परिषदों में 28 और नगर निगमों में 4 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं।
राज्य चुनाव आयुक्त डॉ. राज कमल चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से करवाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावों के दौरान किसी भी प्रकार की धक्केशाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

