पंजाब विवि में एबीवीपी के कार्यक्रम में संघ नेता के पहुंचने पर हंगामा, दर्जनों छात्र हिरासत में
चंडीगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। पंजाब विश्वविद्यालय में सोमवार को श्री गुरू तेग बहादुर जी के संबंध में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक के वरिष्ठ पदाधिकारी को बुलाए जाने पर हंगामा हो गया। यहां छात्रों के एक गुट ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए नारेबाजी की। कई घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने दर्जनों छात्रों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।
छात्र नेता सुखमण सिंह ने कहा कि 9 मार्च को उन्होंने विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया था, क्योंकि श्री गुरू तेग बहादुर जी पर पीयू प्रशासन ने प्रोग्राम रखा हुआ था, जिसका उनकी पार्टी विरोध कर रही थी। इससे पहले विवि प्रशासन से अपील की गई थी कि सिख इतिहास पर लेक्चर में आरएसएस पदाधिकारी को मुख्यातिथि न बनाया जाए। वाइस चांसलर को एक पत्र भी दिया था।
सुखमण ने कहा कि वीसी ने उस समय कहा कि हां सब कुछ ठीक है, लेकिन उसके बाद कार्यक्रम रद्द नहीं किया। सुखमण ने कहा कि यहां पुलिस को बुलाकर छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया है। उनके करीब सो साथी हिरासत में लिए गए हैं। सुखमण ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में किसी भी संगठन या पार्टी का प्रचार नहीं होना चाहिए। एबीवीपी की पंजाब यूनिवर्सिटी यूनिट के अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि आरएसएस के उत्तर क्षेत्र प्रचारक प्रमुख बनवीर राणा यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। उन्होंने सिख गुरुओं के इतिहास और देश के लिए उनके बलिदान के बारे में जानकारी दी। इस कार्यक्रम का राजनीति से कोई संबंध नहीं था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

