home page

शिवराज सिंह चौहान ने लाेगाें से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का आह्वान किया

 | 

चंडीगढ़, 19 सितंबर (हि.स.)। “पंजाब इस समय नशे के गंभीर संकट से गुजर रहा है। नशे ने बहुत से परिवारों को बर्बाद कर दिया है और अनेक युवाओं का जीवन तबाह एवं बर्बाद कर दिया है। शनिवार काे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी अपने एक वीडियो संदेश केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात कही।

भारतीय जनता पार्टी पंजाब में ‘भाजपा का नारा, नशा मिटाना सारा’ के संकल्प के तहत ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ निकाल रही है। इसकी शुरुआत 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर से हो चुकी है। इसके तहत चार स्थानों से यात्राएं निकाली जानी हैं। तख्त श्री दमदमा साहिब, तलवंडी साबो में अरदास करने के बाद शिवराज सिंह चौहान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चौथी यात्रा को रवाना करेंगे।

पंजाब दौरे से पहले नशे के संकट पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार नशे की समस्या को हल करने में बुरी तरह विफल रही है। इसलिए अब समय आ गया है कि पंजाब के लोग नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ें। इसी उद्देश्य से 18 सितंबर से 30 सितंबर तक भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ चल रही है।

उन्होंने कहा कि इसी यात्रा के दौरान 21 सितंबर को वह तख्त श्री दमदमा साहिब, तलवंडी साबो पहुंच रहे हैं। पंजाब के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “पंजाब की बहनों और भाइयों, बुजुर्गों, बेटों और बेटियों—पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए इस यात्रा में बढ़-चढ़कर शामिल हों। नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ें, ताकि पंजाब को नशा मुक्त बनाया जा सके।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा