home page

आरएसएस स्वयंसेवकों का बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा: तरुण चुघ

 | 
आरएसएस स्वयंसेवकों का बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा: तरुण चुघ


-मोगा में 1989 आतंकी हमले के बलिदानियों को दी गई श्रद्धांजलि

मोगा, 25 जून (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने मोगा में 25 जून 1989 को हुए आतंकी हमले में बलिदान देने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 25 स्वयंसेवकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जिस मिट्टी पर आरएसएस के देशभक्त स्वयंसेवकों का लहू गिरा है, वह उनके लिए तीर्थ के समान है।

मोगा स्थित शहीदी पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए तरुण चुघ ने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों ने निहत्थे और निर्दोष स्वयंसेवकों पर उस समय हमला किया था, जब वे सुबह की शाखा में राष्ट्र की मंगलकामना के लिए प्रार्थना कर रहे थे। इस हमले में 25 स्वयंसेवक शहीद हुए थे, जबकि 30 से अधिक गंभीर रूप से घायल हुए थे।

चुघ ने कहा कि यह मानवता के खिलाफ जघन्य अपराध था। उन्होंने कहा कि गोलियों और जान के खतरे के बावजूद स्वयंसेवकों ने पंजाबियत, राष्ट्रीय गौरव और समाज सेवा की भावना को कभी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि आरएसएस ने हमेशा पंजाब और पंजाबियत की भावना को मजबूत किया है।

तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब में कठिन दौर के दौरान सौहार्द, शांति और सामाजिक समरसता बनाए रखने में आरएसएस का योगदान देश हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने में स्वयंसेवकों का बलिदान प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर चुघ ने शहीद स्वयंसेवकों के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अपने प्रियजनों के बलिदान के बाद भी परिवारों का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रति अटूट विश्वास और समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इन परिवारों का जीवन यह संदेश देता है कि राष्ट्रसेवा का संकल्प किसी भी विपरीत परिस्थिति में डगमगाता नहीं।

चुघ ने कहा कि 25 जून 1989 के बलिदान को न हम भूले हैं, न भूलेंगे और न ही भुलाने देंगे। उन्होंने कहा कि पंजाबी भाईचारे की मजबूती ही हमारी शक्ति है और इसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत में संघ के वरिष्ठ प्रचारक ने 25 जून 1989 की घटना और पूरे घटनाक्रम का भावपूर्ण वर्णन किया। इस दौरान वातावरण देशभक्ति और भावनाओं से भरा रहा। कार्यक्रम में भारत माता की जय, वंदे मातरम और मोगा शाखा के शहीद अमर रहें के नारे गूंजते रहे।

समारोह में संघ और सामाजिक जीवन से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इनमें रामगोपाल, अनिल बंसल, हरजोत कमल, विजय कौशिक, अभिषेक जिंदल, राहुल गर्ग, उमाकांत, देव प्रिया, ज्वाला प्रसाद, रामपाल, संजीव अग्रवाल, राकेश गुप्ता, विरेंद्र सिंगला, मोहन लाल सेठी, गौरव बंसल, ब्राइट अरोड़ा, राजीव शर्मा डिंपी, सनेश सूरी, गौरव भाटिया, वरुण अरोड़ा, रणदीप दयोल और अमन थापर सहित अनेक लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में 1989 के शहीद परिवार भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH