(अपडेट) पंजाब पुलिस ने विदेशी हैंडलरों से जुड़े गैंगस्टर मॉड्यूल का पर्दाफाश किया, तीन गिरफ्तार
अमृतसर, 21 जून (हि.स.)। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) जालंधर ने केंद्रीय एजेंसी के समन्वय के माध्यम से विदेश-आधारित हैंडलरों से जुड़े गैंगस्टर मॉड्यूल का पर्दाफाश करके इसके तीन गुर्गों को तीन आधुनिक विदेशी पिस्तौलों और गोला-बारूद सहित गिरफ्तार किया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को बताया कि
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान बटाला के वड्डा थेथरके निवासी अनमोल सिंह उर्फ मोहला, बटाला के शाहपुर जाजन निवासी जगरूप सिंह उर्फ रूपा और अमृतसर के गेट हकीमां स्थित कवरियां वाली पुली के निवासी मोहित कुमार उर्फ जोबन के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार किये गए गुर्गे विदेश में बैठे गैंगस्टरों के निर्देशों पर काम कर रहे थे, जो पंजाब में गैंगवार, जबरन वसूली और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल हैं। अपने हैंडलरों के निर्देशों पर उक्त बदमाश हथियारों की खेप हासिल करके आगे आपराधिक कार्रवाइयों को अंजाम देते थे।
एसएसओसी अमृतसर के एआईजी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर ऑपरेशन में पुलिस टीमों ने अनमोल उर्फ मोहला, जगरूप उर्फ रूपा और मोहित उर्फ जोबन को तीन विदेशी एवं आधुनिक पिस्तौलों और गोली-बारूद सहित गिरफ्तार कर लिया।
एआईजी ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अनमोल और मोहित सितंबर, 2025 में कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर में दर्ज हत्या के मामले और जून, 2026 में बटाला में दर्ज हत्या की कोशिश के मामले में भी शामिल थे। इसके अलावा अनमोल और उसके साथियों को ऐसे कई अन्य काम भी सौंपे गए थे, जिन्हें पुलिस ने नाकाम कर दिया है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

