पंजाब पुलिस ने वर्दी में आने-जाने को लेकर वायरल एडवाइजरी को बताया फर्जी
चंडीगढ़, 22 सितंबर (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उन संदेशों को फर्जी बताया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि पुलिस मुख्यालय ने कर्मचारियों को ड्यूटी पर आते-जाते समय वर्दी न पहनने की एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मुख्यालय या उसके अधीन किसी कार्यालय की ओर से ऐसी कोई हिदायत जारी नहीं की गई है।
पंजाब पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर आते-जाते समय सिविल कपड़े पहनने या वर्दी से बचने संबंधी कोई निर्देश नहीं दिया गया है। पुलिस ने वायरल संदेशों को फर्जी बताते हुए आम लोगों और पुलिसकर्मियों से इन्हें नजरअंदाज करने तथा किसी भी सूचना की पुष्टि केवल आधिकारिक माध्यमों से करने की अपील की।
यह मामला अमृतसर में ड्यूटी के दौरान एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या के बाद सामने आया है। हरजीत सिंह को 18 सितंबर की सुबह भगतांवाला अनाज मंडी के पास गोली मारी गई थी। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान एक संदिग्ध को मुठभेड़ में मार गिराने की जानकारी दी है, जबकि दूसरे संदिग्ध की तलाश जारी बताई गई है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हुई, जिसे कथित तौर पर एक महिला पुलिस अधिकारी की आवाज बताया गया। क्लिप में पुलिस कर्मियों को वर्दी में यात्रा न करने की बात कही जाने का दावा किया गया। ऑडियो के वायरल होने के बाद पुलिस महकमे और आम लोगों के बीच इसे लेकर सवाल उठे।
पुलिस ने कहा कि ऐसे अपुष्ट और फर्जी संदेशों से अनावश्यक भ्रम पैदा होता है। विभाग ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी संदेश या ऑडियो को आगे भेजने से पहले उसकी सत्यता जांचें और आधिकारिक पुलिस हैंडल से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

