पंजाब पुलिस के कांस्टेबल की बदली किस्मत, राखी बंपर में जीते 7 करोड़ रुपये
फिरोजपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। शहर में सामान्य रूप से लॉटरी का टिकट खरीदना पंजाब पुलिस के 28 वर्षीय कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह के लिए जिंदगी बदल देने वाला साबित हुआ। उनके खरीदे टिकट पर राखी बंपर ड्रॉ में 7 करोड़ रुपये का पहला पुरस्कार निकला है।
फिरोजपुर जिले के गांव मालवाल कदियाम निवासी गुरप्रीत सिंह वर्ष 2022 में पंजाब पुलिस में कांस्टेबल भर्ती हुए थे। फिलहाल वह 112 आपातकालीन सेवा में तैनात हैं। उन्होंने सामान्य रूप से लॉटरी का टिकट खरीदा था। गुरप्रीत को रविवार सुबह गुरुद्वारा वाजिदपुर साहिब में सेवा करने के दौरान उनके खरीदे टिकट पर प्रथम पुरस्कार जीतने की जानकारी मिलते ही उनके परिवार में खुशी का माहौल बन गया। रिश्तेदार, दोस्त और गांव के लोग उन्हें बधाई देने के लिए घर पहुंचने लगे।
गुरप्रीत सिंह साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता दर्शन सिंह रेलवे में ट्रेन गार्ड के पद पर कार्यरत रहे और वर्ष 2019 में सेवानिवृत्त हुए। गुरप्रीत चार भाई-बहनों में से एक हैं। उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि उनका एक भाई भी है। गुरप्रीत ने इस जीत को सपने के सच होने जैसा बताया। उन्होंने कहा कि शहर जाने के दौरान उन्होंने सामान्य रूप से लॉटरी टिकट खरीदा था और कभी नहीं सोचा था कि इसी टिकट से उन्हें 7 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी।
उधर, जिस लॉटरी केंद्र से यह टिकट खरीदा गया था, वहां भी जश्न का माहौल है। उधम सिंह चौक स्थित एनके एजेंसी के मालिक त्रिलोक सिंह और उनकी टीम टिकट के प्रथम पुरस्कार जीतने से उत्साहित हैं। त्रिलोक सिंह ने कहा कि इस सीमावर्ती शहर में पहली बार किसी व्यक्ति ने इतनी बड़ी लॉटरी राशि जीती है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

