विदेशी गैंगस्टर का गुर्गा पिस्तौल समेत मोहाली में गिरफ्तार
चंडीगढ़, 01 मई (हि.स.)। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स व मोहाली पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर विदेशी
गैंगस्टरों के एक गुर्गे को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से .32
बोर की एक पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं।
पंजाब पुलिस महानिदेशक
गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित सीधे तौर पर विदेश में बैठे गैंगस्टर हैंडलर्स के संपर्क में था और उनके
निर्देशों पर काम कर रहा था। उसे ट्राइसिटी क्षेत्र चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला
में कई संभावित टारगेट दिए गए थे। इन टारगेट्स में आपराधिक वारदातों को अंजाम देना
शामिल था, जिनकी
प्लानिंग काफी समय से की जा रही थी।
पुलिस और एंटी
गैंगस्टर टास्क फोर्स की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते समय रहते
गिरफ्तारी होने से
ट्राइसिटी क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक घटनाओं को टाल दिया गया। पुलिस आरोपित से लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि उसके अन्य साथियों की पहचान कर उन्हें भी जल्द से जल्द
गिरफ्तार किया जा सके। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और डिजिटल ट्रेल के
जरिए पूरे नेटवर्क की परतें खोली जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

