पंजाब पुलिस के 12 अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलेगा राष्ट्रपति और उत्कृष्ट सेवा पदक
चंडीगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। पंजाब पुलिस की उत्कृष्ट सेवाओं को मान्यता देते हुए भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पंजाब पुलिस के उन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों की घोषणा की है, जिन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीएसएम) तथा सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक (एमएसएम) से सम्मानित किया जाएगा।
पंजाब पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए बरनाला के प्रभारी इंस्पेक्टर बलजीत सिंह को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
इसी प्रकार दो आईपीएस अधिकारियों आईजीपी इंटेलिजेंस (एडमिन) बाबू लाल मीना और आईजीपी प्रोविजनिंग डॉ. एस. भूपति तथा छह पीपीएस अधिकारियों एसपीपीबी आई संगरूर नवरीत सिंह विर्क, डीएसपी मुख्यालय संगरूर करनैल सिंह, डीएसपी सिक्योरिटी सुभाष चंद, डीएसपी सीआईडी यूनिट अमृतसर संजीव कुमार, एसीपी उत्तरी अमृतसर गगनदीप सिंह और डीएसपी जहान खेलां जसवीर सिंह को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
इनके अलावा पदक प्राप्त करने वाले कर्मचारियों में इंस्पेक्टर रशपाल सिंह, इंस्पेक्टर निर्मल सिंह और ए एस आई निर्मल सिंह शामिल हैं। कुल 11 अधिकारियों/कर्मचारियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक प्रदान किए जाएंगे।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवाओं को मान्यता देने तथा पूरी पंजाब पुलिस फोर्स का मनोबल बढ़ाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
इन सम्मान को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, पेशेवर दक्षता और अनुकरणीय सेवाओं का गौरवपूर्ण सम्मान बताते हुए डीजीपी ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरी पंजाब पुलिस के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि इससे पुलिस बल को ड्यूटी के उच्च मानकों को बनाए रखने तथा पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की मान्यता पुलिस बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को और अधिक समर्पण, ईमानदारी तथा पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि सीमा से लगे पंजाब जैसे राज्य में, जहां पुलिस के सामने सुरक्षा संबंधी अनेक जटिल चुनौतियां रहती हैं, ऐसे सम्मान और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं।
-------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

