home page

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने श्री दरबार साहिब में टेका माथा

 | 
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने श्री दरबार साहिब में टेका माथा


पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने श्री दरबार साहिब में टेका माथा


अमृतसर, 19 सितंबर (हि.स.)। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने शुक्रवार रात श्री दरबार साहिब पहुंचकर माथा टेका और अकाल पुरख का शुक्राना किया। चीफ जस्टिस का पद संभालने के बाद यह उनका श्री दरबार साहिब का पहला दौरा था।

गुरु घर में नतमस्तक होने के दौरान जस्टिस मिश्रा ने समूची मानवता की चढ़दी कला, सुख-शांति और खुशहाली के लिए अरदास की। उन्होंने श्री दरबार साहिब के आध्यात्मिक माहौल में कुछ समय बिताया और गुरु घर की मर्यादा के अनुसार सेवा एवं श्रद्धा के साथ माथा टेका।

इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रतिनिधियों ने चीफ जस्टिस का स्वागत किया। उन्हें श्री दरबार साहिब के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी दी गई। प्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं तथा गुरु घर में चल रही विभिन्न सेवाओं के बारे में भी अवगत करवाया।

जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने सिख धर्म की समृद्ध परंपरा, विरासत और श्री दरबार साहिब से जुड़े इतिहास के बारे में भी जानकारी हासिल की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए प्रबंधों को जाना और यहां आने वाली संगत को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली।

इस मौके पर चीफ जस्टिस ने श्री दरबार साहिब के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पवित्र स्थान मानवता को शांति, सेवा, समानता और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गुरु घर से सभी लोगों के कल्याण और सरबत के भले की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जतिंदर कौर, सीजेएम सुप्रीत कौर, सिविल जज अमनदीप सिंह घुम्मण, अतिरिक्त कमिश्नर जय इंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH