पंजाब विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र सोमवार को, सरकार पास करेगी बेअदबी कानून
- गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के विरुद्ध नए कानून पर एसजीपीसी ने जताई आपत्ति
चंडीगढ़, 12 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब में पूर्व अकाली सरकार के कार्यकाल के दौरान हुई बेअदबी की घटनाओं का मुद्दा एक बार फिर से उठ गया है। पंजाब सरकार सोमवार को बैसाखी के अवसर पर पंजाब विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाकर बेअदबी के विरूद्ध नया कानून पास करने जा रही है। नए कानून को जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार बिल 2026 का नाम दिया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में नए विधेयक को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने वालों को कड़ी सजा देना है, जिसमें आजीवन कारावास (उम्रकैद) और 5 लाख से 25 लाख तक का जुर्माना शामिल है।प्रस्तावित नए कानून के अनुसार बेअदबी के दोषी पाए जाने वालों को न्यूनतम 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है। ऐसे मामलों की जांच अब डीएसपी स्तर से नीचे का अधिकारी नहीं कर पाएगा, जिससे जांच में पारदर्शिता और मजबूती आए।
सोमवार को विधानसभा में पेश होने वाले विधेयक पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि पेश किए जा रहे इस बिल को लेकर स्पष्टता की कमी है। उन्होंने कहा कि एक तरफ मंत्री इसे पूरी तरह नया बिल बता रहे हैं, जबकि दूसरी ओर इसका नाम पहले से मौजूद 2008 के एक्ट से मिलता-जुलता है। ऐसे में यह समझना मुश्किल हो रहा है कि सरकार पुराने कानून में संशोधन कर रही है या फिर बेअदबी के मामलों को लेकर नया कानून बना रही है।
धामी ने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री चीमा को खुद इस बिल की पूरी जानकारी नहीं है। धामी ने कहा कि उनके बयानों में विरोधाभास साफ दिखाई देता है, जिससे सिख संगत के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। धामी ने सरकार पर शिरोमणि कमेटी की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने बताया कि कमेटी की ओर से बनाई गई उच्च स्तरीय समिति ने कई बार सरकार और उसकी सेलेक्ट कमेटी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।
धामी ने जोर देकर कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का मामला सिखों की आस्था और भावनाओं से जुड़ा हुआ है, इसलिए सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर केवल राजनीति कर रही है और सही जानकारी साझा नहीं कर रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

