पंजाब में आतंकी हमला टला, दो ग्रेनेड सहित दो व्यक्ति गिरफ्तार
- सीमा पार की अवैध सप्लाई चेन का हिस्सा थे बरामद किए गए ग्रेनेड
चंडीगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) बठिंडा ने दो हैंड ग्रेनेडों सहित दो गुर्गों को गिरफ्तार करके संभावित आतंकी हमले को टालने का दावा किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार काे चंडीगढ़ में बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बूटा सिंह उर्फ गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपू निवासी गिल्लवाली (फिरोजपुर) और हरमंदर सिंह उर्फ निक्का निवासी मोठांवाली (मोगा) के रूप में हुई है। डीजीपी यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बरामद किए गए ग्रेनेड सीमा पार की अवैध सप्लाई-चेन का हिस्सा थे, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती प्रदेश में शांति और सुरक्षा भंग करना था। डीजीपी ने कहा कि इस मॉड्यूल में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
सहायक इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (एआईजी) सीआई बठिंडा अवनीत कौर सिद्धू ने कहा कि पुलिस टीमों को विश्वसनीय स्रोतों से पुख्ता सूचना मिली थी कि आतंकी मॉड्यूल से जुड़े दो कार्यकर्ताओं ने हैंड ग्रेनेड प्राप्त किए हैं। इस पुख्ता सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सीआई बठिंडा की पुलिस टीम ने मोगा-फिरोजपुर रोड से दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए। एआईजी ने कहा कि काउंटर इंटेलिजेंस टीमों की सतर्क एवं सक्रिय कार्रवाई के कारण एक अप्रिय घटना को नाकाम कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

