पंजाब सरकार ने खतरनाक आवारा कुत्तों के खिलाफ शुरू किया अभियान
चंडीगढ़, 22 मई (हि.स.)। पंजाब सरकार ने शुक्रवार से लोगों की जान के लिए खतरा बने खतरनाक और आक्रामक आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए राज्यभर में विशेष अभियान शुरू कर दिया है। यह घोषणा सर्वोच्च न्यायालय के हालिया फैसले का स्वागत करते हुए की गई। पंजाब सरकार इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगमों, पशु नियंत्रण विभाग और स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम करेगी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करती है और बच्चों तथा राहगीरों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे आवारा और हिंसक कुत्तों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाएगी, जो आम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुके हैं।
पंजाब में लगातार बढ़ रहे डॉग बाइट के मामले पिछले कुछ वर्षों से चिंता का विषय बने हुए हैं। इससे पहले 10 मार्च को पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए नगर निगम कमिश्नरों और स्वास्थ्य विभाग से राज्य में डॉग बाइट मामलों को लेकर रिपोर्ट तलब की थी।
पंजाब में वर्ष 2025 के दौरान 3.34 लाख डॉग बाइट के मामले दर्ज किए गए, जो बेहद चिंताजनक हैं। आयोग ने आवारा कुत्तों को सार्वजनिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया था। यह स्थिति 2026 में भी गंभीर बनी हुई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष अब तक राज्य में 50 हजार से अधिक डॉग बाइट के मामले सामने आ चुके हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना सड़कों पर आने-जाने वाले लोगों पर हो रहे हमलों ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

