पंजाब के उपभोक्ताओं को राहत, मई-जून की 300 यूनिट मुफ्त बिजली सब्सिडी मिलेगी
चंडीगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। पंजाब में ज्यादा बिजली बिल और 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सब्सिडी नहीं मिलने से परेशान उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिलने जा रही है। पंजाब सरकार ने ऐसे 63,702 उपभोक्ताओं की पहचान की है, जिन्हें तकनीकी कारणों से मुफ्त बिजली सब्सिडी का लाभ नहीं मिल पाया था।
बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि मीटर रीडर्स की हड़ताल के कारण मई, जून और जुलाई के दौरान कई उपभोक्ताओं को औसत खपत के आधार पर बिजली बिल जारी किए गए थे। इस प्रक्रिया में मई और जून महीने की 300 यूनिट तक की मुफ्त बिजली सब्सिडी बिलों में शामिल नहीं हो पाई। मंत्री ने कहा कि अब इन सभी उपभोक्ताओं के बिल दोबारा तैयार किए जाएंगे। सरकार अगले तीन वर्किंग डे में नए बिल जारी करेगी, जिसमें मई और जून की सब्सिडी का लाभ जोड़ा जाएगा।
तरुणप्रीत सिंह सौंध ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही बढ़ा हुआ बिल जमा कर दिया है, उनकी राशि अगले बिल में एडजस्ट कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष हेल्पलाइन भी शुरू करेगी। इस हेल्पलाइन पर 20 कर्मचारियों की टीम तैनात की जाएगी, जो ज्यादा बिल आने से जुड़ी शिकायतों की जांच करेगी। मंत्री ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद करीब 15 दिनों के भीतर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अगर किसी उपभोक्ता की मई और जून में खपत 300 यूनिट से कम थी, तो उसे मुफ्त बिजली सब्सिडी मिलनी चाहिए थी, लेकिन तीन महीने की खपत को जोड़कर औसत निकालने के कारण बिल ज्यादा दिखाई देने लगा। बिजली मंत्री ने बताया कि पीएसपीसीएल में नए सॉफ्टवेयर की शुरुआत के दौरान कुछ तकनीकी समस्या सामने आई थी। डेटा ट्रांसफर के दौरान आई खामी से करीब 2 प्रतिशत उपभोक्ताओं के बिल प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सॉफ्टवेयर बनाने वाली कंपनी को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है और समस्या को ठीक कर दिया गया है। मंत्री ने दावा किया कि 98 प्रतिशत बिजली बिल सही हैं, जबकि प्रभावित उपभोक्ताओं की शिकायतों का जल्द निपटारा किया जाएगा। सरकार ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया है कि जिन लोगों को मुफ्त बिजली सब्सिडी का लाभ नहीं मिला है, उन्हें उनका अधिकार जल्द उपलब्ध करवाया जाएगा।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

