home page

भारत-पाक सीमा पर तस्करों की नई चाल, ड्रोन की आवाज दबाने के लिए बजाते हैं तेज डीजे म्यूजिक

 | 

अमृतसर, 27 जून (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में तस्करी करने वाले नेटवर्क सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। जांच में सामने आया है कि तस्कर ड्रोन के जरिए हथियारों और नशे की खेप गिराए जाने के दौरान तेज आवाज में डीजे म्यूजिक बजाते हैं, ताकि ड्रोन की आवाज और जमीन पर गिरने वाली खेप की आवाज दब जाए।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि भारतीय सीमा की तरफ सक्रिय तस्कर ड्रोन की भनभनाहट और खेप गिरने की आवाज को छिपाने के लिए हाई-वॉल्यूम म्यूजिक का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय लोगों के लिए ड्रोन गतिविधि का पता लगाना मुश्किल हो जाता है।

सीमावर्ती इलाकों में हाल के दिनों में नशे और हथियारों की बड़ी बरामदगी के बीच यह नया ट्रेंड सामने आया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तस्करी नेटवर्क लगातार अपने तौर-तरीकों में बदलाव कर रहे हैं, ताकि कानून प्रवर्तन एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाल की बरामदगियों से यह भी संकेत मिला है कि तस्कर अब बड़े ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन ड्रोन की क्षमता 10 से 15 किलो तक की खेप उठाने की होती है। इससे एक ही उड़ान में ज्यादा मात्रा में नशा, हथियार या नकदी पहुंचाई जा सकती है, जिससे ड्रोन उड़ानों की संख्या कम होती है और पकड़े जाने का खतरा भी घट जाता है।

पिछले कुछ हफ्तों में हुई बड़ी बरामदगियां इसी बदलाव की ओर इशारा करती हैं। 19 जून को पंजाब पुलिस ने ऐके-47 राइफल सहित 26 अत्याधुनिक हथियार बरामद किए थे। इसके दो दिन बाद बीएसएफ और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई में 27 किलो हेरोइन जब्त की थी। वहीं, 11 जून को अमृतसर सिटी पुलिस ने 30 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की थी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पहले छोटे ड्रोन का इस्तेमाल सीमित मात्रा में हेरोइन, पिस्टल या गोला-बारूद भेजने के लिए किया जाता था, क्योंकि उनकी आवाज कम होती थी। लेकिन हाल की घटनाओं से साफ है कि तस्कर अब बड़े ड्रोन के जरिए बड़ी खेप भेजने की कोशिश कर रहे हैं।

बीएसएफ और पंजाब पुलिस जब्त किए गए ड्रोन, कम्युनिकेशन डिवाइस और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है, ताकि सीमा पार बैठे हैंडलरों और उनके स्थानीय नेटवर्क की पहचान की जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH