home page

पंजाब के डीजीपी ने मृतक एएसआई के परिजनों को दिया न्याय का भरोसा

 | 
पंजाब के डीजीपी ने मृतक एएसआई के परिजनों को दिया न्याय का भरोसा


पंजाब के डीजीपी ने मृतक एएसआई के परिजनों को दिया न्याय का भरोसा


- सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

अमृतसर, 18 सितंबर (हि.स.)। अमृतसर के भक्तांवाला अनाज मंडी क्षेत्र में शुक्रवार को ड्यूटी पर तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर हरजीत सिंह की मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव मौके पर पहुंचे और जांच की प्रगति की समीक्षा की।

घटनास्थल पर जाने से पहले डीजीपी ने मृतक एएसआई के परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले की हर पहलू से जांच करने के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच के अनुसार हमलावरों ने एएसआई हरजीत सिंह का पीछा किया और नजदीक से उन पर गोली चलाई। गोली गर्दन के पीछे लगी, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से .30 बोर के कारतूस का एक खोल भी बरामद किया है।

पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने डीजीपी को वारदात और अब तक की जांच के बारे में जानकारी दी। डीजीपी गौरव यादव ने अधिकारियों को सभी संभावित सुरागों पर काम करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार तकनीकी जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वारदात से पहले और बाद में हमलावरों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया है।

----------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH