गुलजार सिंह आत्महत्या मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने पायलट समेत नेताओं को हिरासत में लिया
हरपाल सिंह चीमा के आवास की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन चलाया
चंडीगढ़, 15 सितंबर (हि.स.)। संगरूर के गुलजार सिंह आत्महत्या मामले को लेकर पंजाब कांग्रेस ने मंगलवार को चंडीगढ़ में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन से पार्टी नेता और कार्यकर्ता वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के आवास की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया।
मार्च के दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई और कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा पुलिसकर्मियों को चोटें आने की सूचना है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पंजाब कांग्रेस प्रभारी एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई नेताओं को चंडीगढ़ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। करीब एक घंटे बाद दोपहर लगभग तीन बजे पायलट और अन्य नेताओं को रिहा कर दिया गया।
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने पंजाब सरकार पर नशे की समस्या को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि राज्य में नशीले पदार्थ आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। गुलजार सिंह मामले का जिक्र करते हुए पायलट ने वित्त मंत्री से जुड़े आरोप भी दोहराए। इन आरोपों पर सरकार का पक्ष सामने आना बाकी है। पायलट ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पंजाब से जुड़े मुद्दों की लड़ाई में वह आगे रहकर संघर्ष करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति भी चर्चा में रही। करीब तीन महीने बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग एक ही मंच पर दिखाई दिए। दोनों नेताओं को आपस में बातचीत करते भी देखा गया।
नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने मंच से कांग्रेस की एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव किसी एक चेहरे को आगे रखकर नहीं लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बहुमत मिलने की स्थिति में मुख्यमंत्री पद को लेकर फैसला पार्टी हाईकमान करेगा।
वहीं, राजा वड़िंग ने चन्नी और बाजवा को वरिष्ठ एवं सम्मानित नेता बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी गुलजार सिंह मामले सहित नशा, कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर सरकार के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।
----
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

