पंजाब के सीएम और मंत्रियों ने मनाया रक्षाबंधन का त्योहार
- बहनों से राखी बंधवाकर नेताओं ने दिया प्यार और सम्मान का संदेश
चंडीगढ़, 28 अगस्त (हि.स.)। पंजाब में रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और प्रेम के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपनी बहन से कलाई पर राखी बंधवाई और आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश और देश-विदेश में रहने वाले सभी भाई-बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और सभी बहनों के खुशहाल, स्वस्थ व समृद्ध जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की माताओं, बेटियों और बहनों की सुरक्षा, सम्मान और खुशहाली सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक 70 लाख से अधिक महिलाओं तक सम्मान राशि पहुंचा चुकी है और नई पंजीकरण के लिए 180 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है।
पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को भी महिलाओं ने राखी बांधी। कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने अपने निवास पर क्षेत्र की बहनों से राखी बंधवाई और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने भी अपनी बहन से राखी बंधवाई। वहीं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने भी रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। इस दौरान नेताओं ने भाई-बहन के प्यार, विश्वास और स्नेह के इस अटूट रिश्ते को हमेशा मजबूत बनाए रखने की कामना की।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

