home page

पंजाब: बॉक्सिंग खिलाड़ी की नशे के ओवर-डोज से मौत

 | 

चंडीगढ़, 09 मई (हि.स.)। पंजाब के मानसा में नशे के ओवरडोज से 20 वर्षीय बॉक्सिंग खिलाड़ी की मौत हो गई। इससे पहले भी प्रदेश में इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। एक तरफ पंजाब सरकार की तरफ से युद्ध नशों के विरूद्ध चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, मानसा में मारे गए नवदीप सिंह ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई मेडल जीते थे। मृतक के पिता जसपाल सिंह ने बताया कि नवदीप दो बहनों का इकलौता भाई था। उन्होंने मजदूरी कर बेटे को बॉक्सिंग खिलाड़ी बनाया था, ताकि वह आगे चलकर परिवार का सहारा बन सके।

जसपाल सिंह के अनुसार, नवदीप की मौत शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री भगवंत मान की शुकराना यात्रा के दौरान आर्य स्कूल के पीछे हुई। उन्होंने सरकार से नशा बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना ने मानसा में नशे की उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एंटी ड्रग टास्क फोर्स के संचालक परमिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि शहर में खुलेआम नशा बिक रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल नशे की चपेट में आए युवाओं पर कार्रवाई कर खानापूर्ति करती है, जबकि तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। थाना सिटी-2 के प्रभारी गुरतेज सिंह ने बताया कि परिवार के बयानों के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा