पंजाब-चंडीगढ़ बॉर्डर पर जुटे किसान, सात सितंबर तक धरने का ऐलान
- 1600 पुलिसकर्मी तैनात, ट्रैफिक डायवर्ट, लोग परेशान
- एयरपोर्ट रोड समेत प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित
चंडीगढ़, 31 अगस्त (हि.स.)। पंजाब सरकार के खिलाफ विभिन्न मांगों को लेकर किसानों ने मोहाली में सात दिवसीय प्रदर्शन के लिए डेरा जमा लिया है। जगतपुरा-चंडीगढ़ बॉर्डर के पास किसानों ने टेंट लगाने के साथ अन्य व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है। किसानों के लिए मौके पर लंगर तैयार किया जा रहा है।
किसानों के बड़ी संख्या में पहुंचने को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदर्शन के दौरान करीब 1600 पुलिस और पैरामिलिट्री जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। प्रशासन को आशंका है कि किसानों के जमावड़े से मोहाली से चंडीगढ़ और एयरपोर्ट की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
जगतपुरा-चंडीगढ़ बॉर्डर के पास किसानों ने लगाया डेरा
किसान संगठनों ने प्रदर्शन के लिए जगतपुरा के पास अपना डेरा लगा लिया है। मौके पर टेंट लगाए जा रहे हैं और किसानों के ठहरने समेत जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। लंगर के लिए भी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
किसान नेता परमदीप बैदवान के अनुसार, चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से संयुक्त किसान मोर्चे को सेक्टर-48 और 49 में प्रदर्शन के लिए जगह उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, मोहाली प्रशासन की ओर से बेस्टेक मॉल तक सड़क के एक हिस्से और फेज-11 से आगे सड़क के एक हिस्से को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के लिए उपलब्ध कराया है।
एयरपोर्ट रोड पर बढ़ सकता है ट्रैफिक दबाव
प्रदर्शन के कारण जगतपुरा के पास चंडीगढ़ बॉर्डर से आईआईएसईआर-डीटी मॉल की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड की ओर जाने वाले फेज-11 मार्ग पर भी यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है। एयरपोर्ट रोड का एक हिस्सा बंद रहने की स्थिति में सिंगल-वे हिस्से से दोनों दिशाओं का यातायात चलाने की व्यवस्था की जाएगी। इससे एयरपोर्ट रोड और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जरूरी न होने पर एयरपोर्ट रोड की ओर जाने से बचें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और मोहाली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।
बड़ी संख्या में पहुंचेंगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां
भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के जिला अध्यक्ष किरपाल सिंह सियाऊ ने बताया कि मोहाली जिले से बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां प्रदर्शन में शामिल होंगी। किसान संगठनों की ओर से प्रदर्शन में पहुंचने वाले किसानों के लिए लंगर की व्यवस्था भी की जा रही है।
संयुक्त किसान मोर्चे की ओर से नदी जल विवाद का रिपेरियन सिद्धांत के आधार पर समाधान, पुनर्गठन अधिनियम-1966 की धाराओं 78, 79 और 80 को रद्द करने, किसानों और खेत मजदूरों की पूर्ण कर्जमाफी तथा अमेरिका के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते का विरोध किया जा रहा है।
इसके अलावा गेहूं और धान को छोड़कर सभी कृषि उत्पादों के लिए सी2+50 प्रतिशत के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने, बांध सुरक्षा अधिनियम, बिजली संशोधन अधिनियम और बीज विधेयक को रद्द करने तथा किसानों और मजदूरों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा भत्ता देने की मांग भी शामिल है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

