home page

पंजाब भाजपा ने 2027 के चुनावों को लेकर जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कीं

 | 

आज से 19 अक्टूबर तक 36 संगठनात्मक जिलों में हो रही हैं बैठकें: अनिल सरीनचंडीगढ़, 17 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। संगरूर में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में हुई चर्चा, पारित प्रस्तावों और चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए पार्टी ने जिला और मंडल स्तर पर बैठकों का कार्यक्रम तय किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब भाजपा के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी के फैसलों को जमीनी स्तर पर लागू करने का काम आज से ही शुरू हो गया है। प्रदेश महासचिव ने कहा कि पंजाब भाजपा ने राज्य से जुड़े प्रमुख मुद्दों में नशे, भ्रष्टाचार और अपराध को प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है। उनके अनुसार, इन मुद्दों को केंद्र में रखते हुए पार्टी की ओर से लोगों से संपर्क बढ़ाने, उनकी समस्याओं को समझने और राज्य के भविष्य से संबंधित अपने विचारों एवं नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए गतिविधियां चलाई जाएंगी।

अनिल सरीन ने बताया कि आज, 17 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक भाजपा के 36 संगठनात्मक जिलों में जिला स्तरीय बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद 22, 23 और 24 अक्टूबर को मंडल स्तर की बैठकें करवाई जाएंगी। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य प्रदेश कार्यकारिणी में हुई चर्चा, पारित प्रस्तावों और 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए तैयार की गई रणनीति के बारे में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अवगत करवाना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर तय किए गए कार्यक्रमों और नीतियों को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए संगठन को सक्रिय किया जा रहा है। इन बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी जाएगी और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक रूपरेखा तैयार की जाएगी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH