home page

स्थानीय निकाय चुनावों में धांधली के आरोपों को लेकर भाजपा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

 | 
स्थानीय निकाय चुनावों में धांधली के आरोपों को लेकर भाजपा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन


चंडीगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। पंजाब में नगर परिषदों, नगर निगमों और महापौर (मेयर) चुनावों के दौरान सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा कथित गुंडागर्दी और सरकारी मशीनरी के खुलेआम दुरुपयोग के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने सीधा मोर्चा खोल दिया है। आज पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा तथा राज्य में संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने 'आप' सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल ने स्थानीय निकाय चुनावों में राजनीतिक लाभ लेने के लिए सभी नियमों को ताक पर रख दिया। सबसे पहले वार्डों का मनमाने ढंग से परिसीमन किया गया, फिर विपक्षी उम्मीदवारों को डराया-धमकाया गया, उनके नामांकन पत्र छीनकर उन्हें चुनाव प्रक्रिया से बाहर रखने की कोशिश की गई। चुनाव प्रचार के दौरान दबाव और धमकियों का सहारा लिया गया, मतदान और मतगणना के समय प्रशासन की मिलीभगत से खुलेआम धांधलियां की गईं और अब बिना बहुमत के नगर निगमों में मेयर तथा नगर परिषदों में अध्यक्ष बनाए जा रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के समक्ष साक्ष्यों सहित पूरा मामला रखते हुए बताया कि जहां-जहां 'आप' के पास बहुमत नहीं था, वहां अफसरशाही के माध्यम से जनता के जनादेश को पलट दिया गया।

उन्होंने अबोहर नगर निगम का उदाहरण देते हुए कहा कि 50 सदस्यीय सदन में भाजपा के पास 28 पार्षदों और एक विधायक के समर्थन के साथ स्पष्ट बहुमत था, जबकि 'आप' के पास केवल 20 वोट थे। इसके बावजूद अफसरशाही ने 'आप' के महापौर की घोषणा कर दी, जिसे भाजपा के तीव्र विरोध के बाद स्थगित करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार की मनमानी और लोकतांत्रिक मूल्यों की अवहेलना राजपुरा, कपूरथला, बरनाला तथा पंजाब के अन्य हिस्सों में भी की गई, जो संवैधानिक लोकतंत्र पर गंभीर हमला है।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि चुनावों के दौरान हुई संवैधानिक उल्लंघनों तथा अधिकारियों की भूमिका की जांच के लिए राज्य सरकार से स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच प्राधिकरण का गठन किया जाए। साथ ही अबोहर, कपूरथला, राजपुरा और बरनाला सहित प्रभावित नगरों के चुनावों से संबंधित समस्त रिकॉर्ड, वीडियोग्राफी और सरकारी दस्तावेज तत्काल तलब किए जाएं। ज्ञापन में राजनीतिक दबाव में गैरकानूनी कार्य करने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, प्रभावित क्षेत्रों में कानून के अनुसार पुनः निष्पक्ष चुनाव कराने तथा भविष्य में सिविल प्रशासन की राजनीतिक निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार को सख्त निर्देश जारी करने की भी मांग की गई।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव लड़े नहीं, बल्कि उन्हें लूटा है।

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल की इन गंभीर शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का पूरा भरोसा दिया।

इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के साथ पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा, जंगी लाल महाजन, राकेश राठौर, दयाल सिंह सोढ़ी, परमिंदर सिंह बराड़, अमनजोत कौर रामूवालिया, सुभाष शर्मा, विनीत जोशी तथा काका कंबोज भी उपस्थित थे।

--

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH