पंजाब में अकाली दल से गठबंधन के खिलाफ भाजपा के पुराने नेता: हरजीत ग्रेवाल
कहा- गठबंधन पर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा, पंजाब में राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करना जरूरी
चंडीगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के बीच दोबारा गठबंधन की अटकलों के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा के पुराने और वरिष्ठ नेता अकाली दल के साथ दोबारा गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान ग्रेवाल ने कहा कि गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा। इस संबंध में निचले स्तर के नेताओं की कोई निर्णायक भूमिका नहीं है।
हरजीत ग्रेवाल ने स्वीकार किया कि अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर भाजपा के भीतर दो अलग-अलग राय हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों और दूसरे राजनीतिक दलों से भाजपा में शामिल हुए कुछ नेताओं का मानना है कि चुनाव जीतने के लिए गठबंधन जरूरी है।
वहीं, भाजपा की मुख्य टीम और पिछले 40 से 50 वर्षों से पार्टी से जुड़े पुराने कार्यकर्ता अकाली दल के साथ दोबारा गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं।
ग्रेवाल ने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन पंजाब में राष्ट्रवादी विचारधारा का मजबूत होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा को प्रदेश के सभी वर्गों और क्षेत्रों में काम करना चाहिए, ताकि पंजाब देश की मुख्यधारा से मजबूती के साथ जुड़ा रहे।
उन्होंने कहा कि सत्ता में चाहे कोई भी पार्टी रहे, लेकिन विचारधारा मजबूत रहनी चाहिए।
गौरतलब है कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल लंबे समय तक राजनीतिक सहयोगी रहे हैं। दोनों दलों का गठबंधन 1990 के दशक के अंतिम वर्षों से चला आ रहा था। हालांकि, केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में शिरोमणि अकाली दल ने वर्ष 2020 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से अलग होने का फैसला किया था।
अब पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले दोनों दलों के फिर से साथ आने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, हरजीत ग्रेवाल के बयान से स्पष्ट है कि इस मुद्दे पर पंजाब भाजपा के भीतर अलग-अलग राय है। ऐसे में सभी की नजरें भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

