home page

बठिंडा में कट्टरपंथियों ने दीवार पर लिखे विवादित नारे, पुलिस ने शुरू की जांच

 | 
बठिंडा में कट्टरपंथियों ने दीवार पर लिखे विवादित नारे, पुलिस ने शुरू की जांच


बठिंडा, 24 अगस्त (हि.स.)। बठिंडा जिले के गांव जै सिंह वाला में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सरकारी स्कूल की दीवार समेत एक अन्य दीवार पर ‘शहीद दिलावर बब्बर जिंदाबाद’ और ‘एसएफजे’ के नारे लिखे मिले। दीवार पर नारे लिखे होने की सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह कुछ ग्रामीणों की नजर स्कूल की दीवार और एक अन्य दीवार पर लिखे इन नारों पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी ग्राम पंचायत को दी। पंचायत सदस्य मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद थाना सदर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

थाना सदर के एसएचओ मुनीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही नारे लिखने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दीवारों पर नारे किसने और कब लिखे।

----------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH