home page

पंजाब में छुट्टी पर आए सैनिक ने माता-पिता काे गाेली मारी, हालत गंभीर

 | 

चंडीगढ़, 06 मार्च (हि.स.)। पंजाब के बठिंडा में छुट्टी पर आए एक सैनिक ने अपने माता-पिता को गोली मार दी। गोली लगने के बाद दोनो को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार सेना में कांस्टेबल के पद पर तैनात फौजी हरप्रीत सिंह हाल ही में छुट्टी पर अपने घर आया था। गुरुवार की रात उसका पिता दलजीत सिंह व माता परमजीत कौर से झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद अचानक उसने माता-पिता पर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। एक गोली मां के चेहरे को छूते हुए निकल गई। वहीं, पिता के बाजू में गोली लगी।

जोगी नगर कैनाल कॉलोनी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर हरजोत सिंह ने कहा कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से हथियार को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित की मानसिक हालत ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा