अमृतसर में दो निहंग गुटों के बीच टकराव, एसएचओ से बदसलूकी
अमृतसर, 19 सितंबर (हि.स.)। शहर में दो निहंग गुटों के बीच चल रहा विवाद शुक्रवार देर शाम को उस समय बढ़ गया, जब धरने पर बैठे एक पक्ष ने मेजर सिंह पेटेवाल ग्रुप से जुड़े बताए जा रहे एक निहंग को कथित तौर पर रेकी करने के शक में रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में बहस हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने निहंग के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और उसे थप्पड़ भी मारे। घटना के दौरान उसकी पगड़ी उतरने की बात भी सामने आई है।
हंगामे की सूचना पर थाना गेट हकीमा की एसएचओ मनजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घायल निहंग को भीड़ से छुड़ाने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भी खींचतान हुई। आरोप है कि बीच-बचाव के दौरान महिला एसएचओ के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। बाद में पुलिस घायल निहंग को अपने साथ थाने ले गई।
धरने पर बैठे पक्ष से जुड़े बाबा दर्शन सिंह ने आरोप लगाया कि निहंग मेजर सिंह उनके पूर्वजों की तस्वीरों का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे वसूलता है और इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछली रात मेजर सिंह से जुड़े कुछ लोग वाहनों में पहुंचे और हवाई फायरिंग की। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
दूसरी ओर, एसएचओ मनजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार का विवाद सड़क से कुछ गाड़ियों के गुजरने के दावे को लेकर शुरू हुआ। धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि वाहन मेजर सिंह गुट के थे, जबकि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रात में ऐसी किसी गाड़ी के गुजरने से इनकार किया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

