home page

पंजाब: होशियारपुर में 4 साल का बच्चा 90 फुट गहरे बोरवेल में गिरा, बचाव अभियान जारी

 | 
पंजाब: होशियारपुर में 4 साल का बच्चा 90 फुट गहरे बोरवेल में गिरा, बचाव अभियान जारी


पंजाब: होशियारपुर में 4 साल का बच्चा 90 फुट गहरे बोरवेल में गिरा, बचाव अभियान जारी


एनडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात

50 फुट गहराई पर फंसे मासूम तक पहुंचने की कोशिश तेज

चंडीगढ़, 15 मई (हि.स.)। पंजाब के होशियारपुर जिले के चक्क समाणा गांव में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब चार वर्षीय मासूम गुरकरण सिंह (वंशू) एक गहरे बोरवेल में गिर गया। करीब 90 फुट गहरे इस बोरवेल में फंसे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। गांव के लोग भी मौके पर मौजूद रहकर बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरकरण सिंह पुत्र रविंदर सिंह, शाम करीब साढ़े चार बजे घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और प्रशासन को सूचित किया।

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। साथ ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी तुरंत बुलाया गया, जो आधुनिक उपकरणों के साथ राहत कार्य में जुट गई है।

रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और एसएसपी संदीप मलिक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय स्वयंसेवी संगठन और बाबा दीप सिंह सेवा दल के वॉलंटियर्स भी सक्रिय रूप से सहायता कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि शुरुआत में बच्चा करीब 25 फुट की गहराई पर फंसा हुआ था, लेकिन जब जेसीबी मशीन से मिट्टी हटाने का काम शुरू किया गया, तो वह और नीचे खिसक गया। फिलहाल बच्चे के लगभग 50 फुट की गहराई पर पाइप के बीच फंसे होने की जानकारी मिली है। राहत टीम द्वारा बच्चे तक पाइप के जरिये ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है, वहीं उसकी स्थिति पर नजर रखने के लिए विशेष कैमरे भी लगाए गए हैं।

बच्चे तक सुरक्षित पहुंच बनाने के लिए बोरवेल के समानांतर एक गड्ढा खोदा जा रहा है। जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टरों की मदद से तेजी से मिट्टी हटाई जा रही है। मौके पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम को भी तैनात किया गया है, ताकि बच्चे को बाहर निकालते ही तुरंत इलाज दिया जा सके।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि बोरवेल हाल ही में तैयार किया गया था और इस तरह की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहेगा और बच्चा सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा। सभी लोग बच्चे की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH