पंजाब पुलिस में 1,746 नए जवान शामिल, मुख्यमंत्री मान ने सौंपे नियुक्ति पत्र
- जालंधर में आयोजित समारोह में नए जवानों को दी बधाई- साढ़े चार साल में 13,092 भर्तियां, 3,298 कांस्टेबलों की भर्ती जारी, 1,600 नए पद मंजूरजालंधर, 27 अगस्त (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को पंजाब पुलिस में भर्ती हुए 1,746 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। पीएपी ग्राउंड में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान मुख्यमंत्री ने नए रंगरूटों को पंजाब पुलिस परिवार का हिस्सा बनने पर बधाई दी और पूरी ईमानदारी, समर्पण व पेशेवर भावना के साथ लोगों की सेवा करने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘बिना रिश्वत, बिना सिफारिश’ के सिद्धांत पर योग्यता के आधार पर अब तक 70,840 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में पंजाब पुलिस में विभिन्न पदों पर 13,092 युवाओं की भर्ती की जा चुकी है, जबकि 3,298 और कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।भगवंत मान ने बताया कि पंजाब सरकार ने पुलिस के जिला कैडर में 1,600 नए पदों को मंजूरी दी है। इनमें 150 इंस्पेक्टर, 450 सब-इंस्पेक्टर और 1,000 सहायक सब-इंस्पेक्टर के पद शामिल हैं। इन पदों को विभागीय पदोन्नति के जरिए भरा जाएगा, जिससे मौजूदा पुलिस कर्मचारियों को करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और पंजाब पुलिस की जिम्मेदारी केवल राज्य की सुरक्षा तक सीमित नहीं है। पुलिस बल 532 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें पंजाब की शांति भंग करने और अशांति व आतंकवाद फैलाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन ऐसी साजिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब लंबे समय से नशे की समस्या से जूझता रहा है, लेकिन सरकार ने इसके खिलाफ ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान शुरू किया है। उनके अनुसार, पिछले करीब 500 दिनों में 70,000 से अधिक नशा तस्करों को जेल भेजा गया है और नशा तस्करी में शामिल लोगों की संपत्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नए पुलिस जवानों से नशे की सप्लाई रोकने और पंजाब को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।मुख्यमंत्री ने नए जवानों से आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने और जरूरतमंद व पिछड़े वर्गों की मदद को प्राथमिकता देने की अपील की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, डीजीपी गौरव यादव समेत कई अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

