home page

धान रोपाई सीजन में किसानों को 20 घंटे तक बिजली सप्लाई दे रहा पीएसपीसीएल

 | 
धान रोपाई सीजन में किसानों को 20 घंटे तक बिजली सप्लाई दे रहा पीएसपीसीएल


- सीएमडी डॉ. बसंत गर्ग बोले, 27 से 30 जून के बीच आई कमी की भरपाई के लिए कृषि फीडरों को अतिरिक्त बिजली की आपूर्ति

चंडीगढ़, 03 जुलाई (हि.स.)। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने दावा किया है कि राज्यभर के कृषि फीडरों को अब 20 घंटे तक बिजली सप्लाई दी जा रही है। यह कदम धान की रोपाई के पीक सीजन के दौरान कुछ दिनों के लिए हुई बिजली सप्लाई की कमी की भरपाई के लिए उठाया गया है।

पीएसपीसीएल के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. बसंत गर्ग ने कहा कि राज्य में बिजली की स्थिति अब सामान्य हो गई है और पिछले 24 घंटों के दौरान कृषि फीडरों को 20 घंटे तक बिजली उपलब्ध करवाई गई है। डॉ. गर्ग ने बताया कि 27 जून से 30 जून के बीच कुछ कृषि फीडरों को निर्धारित 8 घंटे की बजाय 6 से 7 घंटे बिजली सप्लाई मिल पाई थी। उन्होंने इसका कारण भीषण गर्मी के दौरान बिजली मांग में अचानक हुई बढ़ोतरी, पावर एक्सचेंज में बिजली की कम उपलब्धता और थर्मल पावर प्लांटों में कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की हड़ताल को बताया, जिससे बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ।

उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद पीएसपीसीएल की टीमों ने चौबीसों घंटे काम कर किसानों को रोजाना 6 से 7 घंटे बिजली सप्लाई सुनिश्चित की। अब कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो चुकी है और थर्मल पावर उत्पादन इकाइयां फिर से चालू हो गई हैं, जिसके बाद पंजाब में बिजली सप्लाई पूरी तरह बहाल कर दी गई है। सीएमडी ने कहा कि जिन कृषि फीडरों पर पहले सप्लाई में कमी रही थी, वहां अब अतिरिक्त बिजली दी जा रही है ताकि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई हो सके। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी असाधारण परिस्थिति का खामियाजा नहीं भुगतने दिया जाएगा।

धान रोपाई सीजन के दौरान सिंचाई में कोई बाधा न आए, इसके लिए पीएसपीसीएल ने विशेष ऑपरेशनल प्रबंध किए हैं। फील्ड अधिकारियों को फीडर स्तर पर सप्लाई की निगरानी करने, बिजली उपलब्धता को बेहतर ढंग से मैनेज करने और स्थानीय समस्याओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. गर्ग ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा पीएसपीसीएल की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और जिन किसानों को पहले सप्लाई में कमी का सामना करना पड़ा, उन्हें अतिरिक्त बिजली देकर उसकी पूरी भरपाई की जाएगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH