भ्रष्टाचार में पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पूर्व सीएमडी समेत तीन गिरफ्तार
चंडीगढ़, 20 मई (हि.स.)। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की लुधियाना आर्थिक अपराध शाखा ने पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के पूर्व चीफ मैनेजिंग डायरेक्टर केडी चौधरी, पूर्व वरिष्ठ एक्सियन संजीव प्रभाकर और दामिनी रिजॉर्ट एंड बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अमित गर्ग को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ विजिलेंस जांच के आधार पर विजिलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध की लुधियाना शाखा में मामला दर्ज किया गया है।
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बुधवार काे बताया कि बसंत एवेन्यू में 66 केवी सबस्टेशन स्थापित करने के संबंध में बसंत एवेन्यू के कॉलोनाइज़र ने पीएसपीसीएल के संबंधित फील्ड अधिकारियों की मिलीभगत से उक्त 66 केवी सबस्टेशन को अपनी कॉलोनी में 1015 वर्ग गज क्षेत्र में स्थापित करवा लिया। यदि तत्कालीन उच्च अधिकारियों ने फील्ड अधिकारियों को कॉलोनाइज़र की सभी कॉलोनियों की एनओसी की जांच करने के निर्देश दिए होते, तो बिजली के कुल लोड की गणना एक साथ करने पर 66 केवी सबस्टेशन स्थापित करने का पूरा खर्च कॉलोनाइजर वहन करता।
उन्होंने आगे बताया कि इस दौरान बिजली मंत्रालय की ओर से भी सबस्टेशन स्थापित करने संबंधी जारी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया गया। उक्त 66 केवी बसंत एवेन्यू सबस्टेशन तक पहुंचने के लिए कोई पक्की सड़क नहीं थी और यह पाखोवाल लिंक रोड से लगभग 3 किलोमीटर दूर खेतों में स्थित था। इस तथ्य का उल्लेख बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों और चीफ मैनेजिंग डायरेक्टर ने प्रस्ताव में या बाद में किसी भी कार्यालय में नहीं किया। इसी कारण आज भी उक्त 66 केवी बसंत एवेन्यू सबस्टेशन अविकसित कॉलोनियों और खेतों में स्थित है।
प्रवक्ता ने बताया कि इस सबस्टेशन तक पहुंचने के लिए आज भी कोई पक्की सड़क नहीं है। तत्कालीन अभियंता संजीव प्रभाकर और फील्ड में तैनात अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने 66 केवीएच सबस्टेशन बसंत एवेन्यू स्थापित करने संबंधी भेजे गए प्रस्ताव को तत्कालीन चीफ मैनेजिंग डायरेक्टर केडी चौधरी ने मंजूरी दी थी, जिसमें सबस्टेशन की स्थापना संबंधी कमियों और टिप्पणियों को नजरअंदाज किया गया था। इससे बसंत एवेन्यू कॉलोनी को सीधा लाभ पहुंचा। इसलिए केडी चौधरी, संजीव प्रभाकर और अमित गर्ग को गिरफ्तार करके मामले की आगे जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

