home page

प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में नतमस्तक हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह

 | 
प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में नतमस्तक हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह


- गुरु घर में की सेवा, गुरबाणी का श्रवण कर देश की खुशहाली के लिए की अरदास

सुल्तानपुर लोधी, 24 नवंबर (हि.स.)। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को पंजाब के सुल्तानपुर लोधी स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब पहुंचे। उन्होंने श्रद्धापूर्वक माथा टेककर देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने संगत के बीच बैठकर गुरबाणी का श्रवण किया और गुरु घर की सेवा में भी योगदान दिया।

गुरुद्वारा साहिब पहुंचने पर शिवराज सिंह चौहान ने सिख परंपराओं और मर्यादा का पालन करते हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लंबे समय से उनकी इच्छा सुल्तानपुर लोधी की पवित्र धरती के दर्शन करने की थी। उन्होंने कहा कि यह वही पावन भूमि है, जहां श्री गुरु नानक देव जी ने 14 वर्ष, नौ महीने और 13 दिन बिताए तथा मानवता को ‘एक ओंकार’ का संदेश दिया। आज उनकी यह इच्छा पूरी हुई है और वह स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने ‘नाम जपो, कीरत करो और वंड छको’ का संदेश देकर संपूर्ण मानवता को जीवन जीने की राह दिखाई। परमात्मा एक है और हम सभी उसी की संतान हैं। उन्होंने ईमानदारी से मेहनत करने, मिल-बांटकर खाने, आपसी प्रेम और भाईचारा बनाए रखने तथा माताओं, बहनों और बेटियों का सम्मान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं में दुनिया की सभी समस्याओं का समाधान निहित है। प्रत्येक व्यक्ति को उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए।

गुरुद्वारा श्री बेर साहिब सिख धर्म के प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों में शामिल है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्री गुरु नानक देव जी ने इसी पावन स्थल पर बेर के वृक्ष के नीचे बैठकर परमात्मा की आराधना की थी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH