नहीं हुआ परविंदर झोटा का पोस्टमार्टम, अब फिर शनिवार को होगा प्रयास
चंडीगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। पंजाब के मानसा में मारे गए नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा का शुक्रवार को पीजीआई चंडीगढ़ में पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया। अब तक शव फ्रीजर में रहने की वजह से उसका टेंपरेचर नॉर्मल नहीं हो पाया, जिसके चलते डाक्टरों ने आज दो बार पोस्टमार्टम का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अगर संभव न हुआ तो कल सुबह पोस्टमॉर्टम होगा।
परिजनों के अनुसार अगर शनिवार सुबह तक पोस्टमार्टम हो जाता है, तो उसके तुरंत बाद अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। झोटा का शव गुरूवार आधी रात को मानसा से पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया था। झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर ने सरकारी नौकरी और 2 करोड़ मुआवजा लेने को लेकर ट्रोलिंग पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग 12 बोर की बंदूक लाएं और मानसा आकर हमारे पूरे परिवार को गोली मार दें।
इससे पहले झोटा के पिता भीम सिंह ने मांग की कि पंजाब सरकार झोटा के अंतिम संस्कार से पहले मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी को तबादला करे। उनका आरोप है कि चौधरी के नशा न रोकने की वजह से ही झोटा की हत्या हुई। उन्होंने कहा कि एसएसपी का ट्रांसफर होने तक वह अन्न का एक दाना भी नहीं खाएंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बारे में कृषि मंत्री गुरमीत खुड्डियां और स्पीकर कुलतार संधवां के साथ मीटिंग में भी बात हो चुकी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

