home page

जालंधर में हरभजन सिंह के घर के बाहर लिखा 'गद्दार'

 | 
जालंधर में हरभजन सिंह के घर के बाहर लिखा 'गद्दार'


चंडीगढ़, 25 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जाने वाले राज्यसभा सांसदों के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जालंधर में प्रदर्शन किया। जालंधर में कार्यकर्ताओं ने पूर्व क्रिकेटर एवं सांसद हरभजन सिंह के आवास के बाहर नारेबाजी की और उनके घर पर ‘गद्दार’ लिख दिया।

आआपा कार्यकर्ताओं ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के बाहर अशोक मित्तल के खिलाफ भी प्रदर्शन किया और उनका पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान पंजाब के गद्दार नारे लगाए। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि हरभजन सिंह, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक सहित कुल 7 राज्यसभा सांसदों ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामकर गद्दारी की है। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने सिर पर काली पट्टियां बांधी हुई थीं। उन्होंने हरभजन सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस की मौजूदगी में ही कार्यकर्ताओं ने हरभजन के घर के बाहर 'गद्दार' शब्द लिखा। इस दौरान जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो कुछ कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों से भी उलझ गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा